ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक काे जवानों ने अस्पताल पहुंचाया
कांकेर, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले के अंतागढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुहचे के पास बीती रात 10 बजे ट्रैक्टर पलटने से चालक उसके नीचे बुरी तरह दब गया। समय रहते प्रशासन, एसएसबी जवानों तथा ग्रामीणों ने बचाव कार्य कर चालक को बाहर निकाल लिया। हालांकि हादसे में चालक को गंभीर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैक्टर चालक मेहर कोमरा, निवासी मटियाखार भैंसासुर, वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे कुहचे के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक उसके नीचे दब गया। सूचना मिलते ही अंतागढ़ के एसडीएम राहुल रजक ने 28वीं वाहिनी एसएसबी को सूचना दी। वह स्वयं घटनास्थल पहुंचकर राहत कार्य शुरू कराया। एसएसबी के जवान भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल अंतागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे