बलरामपुर : पेंशन सत्यापन के लिए घर-घर पहुंच रही टीम

 


बलरामपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए आज गुरुवार जिले में घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में भी अधिकारियों की टीम पहुंचकर पेंशनधारियों की पात्रता और दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कर रही है।

इसी क्रम में कुसमी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत गोपातू और जमीरापाट में समाज कल्याण विभाग की टीम ने घर-घर पहुंचकर वृद्धा, विधवा, दिव्यांग और अन्य पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का सत्यापन किया। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद अधिकारियों ने प्रत्येक हितग्राही से मुलाकात कर उनकी पेंशन की स्थिति और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।

ग्राम जमीरापाट की सुंदरी नगेशिया और ग्राम गोपातू की मुली नगेशिया ने बताया कि उनका गांव दूरस्थ क्षेत्र में होने के कारण उन्हें लगा था कि सत्यापन के लिए कार्यालय जाना पड़ेगा, लेकिन प्रशासन की टीम स्वयं उनके घर पहुंची। इससे उन्हें भरोसा हुआ कि उनकी पेंशन बिना किसी परेशानी के मिलती रहेगी।

जिले में चल रहे इस अभियान के तहत पात्रता, दस्तावेजों और पेंशन प्राप्ति की स्थिति का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभ से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय