प्रधानमंत्री आवास के 90 दिन की मजदूरी और अंतिम किश्त का भुगतान अटका, हितग्राहियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
धमतरी, 03 अगस्त (हि.स.)। धमतरी जिले के ग्राम पंचायत गातापार (आ) के प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को आवास निर्माण पूरा होने के बाद भी मनरेगा मद से मिलने वाली 90 दिवस की मजदूरी राशि और अंतिम किस्त का भुगतान नहीं मिलने से आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2024-25 में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांव के कई हितग्राहियों ने कर्ज लेकर अपने मकानों का निर्माण पूरा कर लिया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें मजदूरी राशि और अंतिम किस्त का इंतजार है।
विक्रम सिंह ध्रुव, रामकुमार, पिली बाई, कुमारी बाई, गीता बाई, देवकी बाई, डागेश्वर, द्वारका, फुल सिंह, खेमराज, खेमु, संतराम, लुरसिंग, खेमलाल और तिजू राम सहित अन्य हितग्राहियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास निर्माण के दौरान उन्हें मनरेगा के तहत 90 दिनों की मजदूरी राशि मिलनी थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार रोजगार सहायक कैलाश मनहरे और आवास मित्र जीवनराम से संपर्क कर भुगतान कराने का आग्रह किया गया, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
हितग्राहियों का आरोप है कि उनकी समस्या का समाधान करने के बजाय मामले को टालने का प्रयास किया गया। परेशान हितग्राहियों ने सामूहिक रूप से कलेक्टर धमतरी को आवेदन सौंपकर जल्द से जल्द मजदूरी राशि और अंतिम किस्त जारी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मकान निर्माण पूरा करने के लिए उन्हें ब्याज पर राशि उधार लेनी पड़ी, जिससे अब आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण कर्ज चुकाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित भुगतान शासन स्तर पर रुका हुआ है। जैसे ही राशि प्राप्त होगी, सभी पात्र हितग्राहियों को एक साथ मजदूरी राशि और अन्य लंबित भुगतान जारी कर दिए जाएंगे।
हितग्राही ग्रामीण अब तक शासन प्रशासन को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। बीते मंगलवार को जनदर्शन में एक बार और ज्ञापन दिया गया था। कल चार अगस्त को पुनः ज्ञापन दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा