पटवारियों की हड़ताल 16वें दिन भी जारी, काले कपड़े पहनकर निकाली रैली

 








नागरिक भूमि विकास मंच ने धरना स्थल पहुंचकर दिया समर्थन, लंबित मांगों के निराकरण की मांग

धमतरी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। लंबित मांगों और समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल 16वें दिन भी जारी रही। बुधवार को पटवारियों ने काले कपड़े पहनकर विरोध जताया और रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा।

धरना स्थल पर पहुंचे नागरिक भूमि विकास मंच के सदस्यों ने भी पटवारियों की मांगों का समर्थन किया। पटवारी संघ का कहना है कि वर्तमान में लागू पावती एप अव्यावहारिक है और इसके माध्यम से फसलों का भौतिक सत्यापन करना संभव नहीं हो पा रहा है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और खेतों में जलभराव के बावजूद पटवारियों को खेतों में जाकर सर्वे करने के लिए विवश होना पड़ता है। संघ ने कुछ स्थानों पर पटवारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई को निरस्त करने की भी मांग की है। पटवारियों की हड़ताल के चलते धान खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा बटांकन, सीमांकन, किसान पंजीयन, बंटवारा, नामांतरण तथा आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

बुधवार को आयोजित धरना एवं विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष वासुदेव भोई, कार्यकारी जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ध्रुव, सचिव विकास साहू, धमतरी तहसील अध्यक्ष प्रवीण टिकरिया, हरीश भूष मगरलोड, लक्ष्मण नरेटी कुरुद, सौरभ साहू भखारा, नोहर पटेल नगरी और द्विजराम मरकाम कुकरेल सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इनके अलावा प्रकाश साहू, राजेश चंद्राकर, चोवालाल, पन्नालाल साहू, रमेश लहरे, बिमला साहू और योगिता साहू ने भी सहभागिता निभाई। नागरिक भूमि विकास मंच की ओर से राकेश जैन, ऋतुराज पवार, नरेंद्र गोलछा, विकास कुमार, सुनील लुनावत, महावीर डागा, मुकेश बरदियानी, नंदू रूपवानी, हरीश साहू, हरीश सोनकर, रूपेश सोनकर, भावेश गोलछा, योगेश रायचूरा, सत्यप्रकाश मुंजवानी, नरेंद्र निर्मलकर, बिसंभर सिन्हा और नरेंद्र शमनानी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। मंच के सदस्यों ने पटवारियों की मांगों के निराकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए आंदोलन को समर्थन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा