छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल से धान खरीद पर संकट, प्रदेशभर में ज्ञापन सौंपेगी आम आदमी पार्टी
जांजगीर चांपा, 26 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब किसानों और आम जनता पर पड़ने लगा है। हड़ताल के चलते राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं धान खरीदी से पहले किसानों के पंजीयन और सत्यापन की प्रक्रिया में भी परेशानियां सामने आ रही हैं।
इस स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। पार्टी ने घोषणा की है कि किसानों की समस्याओं और पटवारियों की मांगों को लेकर 29 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर के माध्यम से कृषि मंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता आशुतोष गोपाल ने कहा कि पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण प्रदेश की राजस्व व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। धान खरीदी का समय नजदीक होने के बावजूद पंजीयन और सत्यापन से जुड़े कार्य प्रभावित होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकालने की मांग की।
आशुतोष गोपाल ने बताया कि पीवी (फिजिकल वेरिफिकेशन) ऐप की तकनीकी खामियों, वेतन विसंगति, पदोन्नति और पटवारियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में राजस्व पटवारी संघ 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान नहीं होने के कारण यह आंदोलन जारी है, जिसका खामियाजा किसानों और आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि राज्य सरकार को पटवारियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी उचित मांगों का समाधान करना चाहिए, ताकि राजस्व कार्य दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सकें। पार्टी ने किसानों के पंजीयन और धान खरीदी से संबंधित प्रक्रियाओं को समय पर पूरा कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
प्रदेश प्रवक्ता आशुतोष गोपाल ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में जिला स्तरीय ज्ञापन सौंपेगी। कलेक्टर के माध्यम से कृषि मंत्री को भेजे जाने वाले ज्ञापन में पटवारियों की हड़ताल का समाधान करने, किसानों का लंबित पंजीयन पूरा कराने और धान खरीदी की तैयारियों को प्रभावित होने से बचाने की मांग की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT