31 दिन से हड़ताल पर पटवारी, समर्थन देने पहुंचा सर्व आदिवासी समाज
धमतरी, 12 नवंबर (हि.स.)। लंबित मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल एक महीने से अधिक समय से जारी है। गुरुवार को दीवाली की छुट्टी के बाद राजस्व पटवारी संघ के सदस्य गांधी मैदान में फिर धरने पर बैठे। आंदोलन के 31 वें दिन सर्व आदिवासी समाज जिला धमतरी ने भी पटवारियों के समर्थन में आवाज उठाई। समाज के पदाधिकारियों ने पदोन्नति की मांग को जायज बताते हुए शासन से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।
सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष जे एल मराई ने धरनास्थल पहुंचकर पटवारियों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि पटवारियों की पदोन्नति की मांग जायज है। जब कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति मिलेगी, तभी उनके रिक्त पदों पर नई भर्ती का रास्ता खुलेगा और बेरोजगार युवाओं को नौकरी के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में लंबित पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल पूरी होनी चाहिए। राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष वासुदेव भोई ने बताया कि हड़ताल का 31 वां दिन है, लेकिन शासन ने अब तक मांगों का निराकरण नहीं किया है। विगत दिनों प्रांतीय इकाई ने राजस्व मंत्री से चर्चा की थी, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। संघ चाहता है कि शासन मांगों पर गंभीरता दिखाए और जल्द निर्णय ले, ताकि पटवारी काम पर लौट सकें और किसानों की समस्याओं का निराकरण कर सकें। उन्होंने कहा कि नगरी और मगरलोड के एक-एक पटवारी को निलंबित किया गया है, जबकि अन्य पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन की आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
पटवारी संघ की प्रमुख मांगों में पीवी एप बंद कर भुइंया एप या डीसीएस के माध्यम से त्रुटिरहित गिरदावरी कराने, कई वर्षों से चली आ रही वेतन विसंगति दूर करने और वरिष्ठता के आधार पर राजस्व निरीक्षक पद पर समयबद्ध पदोन्नति देने की मांग शामिल है। इसके अलावा हड़ताल के दौरान पटवारियों पर की गई निलंबन, तबादला, कारण बताओ नोटिस और ब्रेक इन सर्विस जैसी दंडात्मक कार्रवाइयां वापस लेने की मांग भी की जा रही है। संघ का कहना है कि पीवी एप में तकनीकी और मैदानी स्तर पर व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं। इससे गिरदावरी और किसानों के धान खरीदी संबंधी काम प्रभावित होने की आशंका है। जिले में 192 पटवारी हल्के हैं, जिनमें 168 पटवारी कार्यरत हैं। इस दौरान सर्व आदिवासी समाज के एआर ठाकुर, राधेश्याम नेताम, शशि ध्रुव, जयपाल ठाकुर, नरोत्तम मराई, ठाकुर राम नेताम, ओंकार नेताम, दौलत ध्रुव, अनिता ध्रुव, हेमलता ध्रुव, गीता नेताम सहित राजस्व पटवारी संघ के सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा