तीन अगस्त को प्रदेशभर के पटवारी एक दिवसीय हड़ताल पर, सामूहिक अवकाश लेकर करेंगे आंदोलन
जांजगीर-चांपा, 29 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में विभागीय पदोन्नति और वेतन विसंगति सहित अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर के पटवारी 03 अगस्त को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल पर रहेंगे। यह आंदोलन राजस्व पटवारी संघ, छत्तीसगढ़ के प्रांतीय आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के पटवारियों के शामिल होने की संभावना है।
राजस्व पटवारी संघ का कहना है कि, लंबे समय से विभागीय पदोन्नति और वेतन संबंधी विसंगतियों का निराकरण नहीं होने से पटवारियों में असंतोष व्याप्त है। कई बार शासन और प्रशासन के समक्ष मांगें उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में संघ ने अपनी मांगों के समर्थन में सामूहिक अवकाश लेकर एक दिवसीय हड़ताल करने का निर्णय लिया है।
राजस्व पटवारी संघ, जिला जांजगीर-चांपा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया कि, प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार जिले के सभी पटवारी इस आंदोलन में पूर्ण एकजुटता के साथ भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि विभागीय पदोन्नति और वेतन विसंगति जैसी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है, ताकि प्रदेशभर के पटवारियों को न्याय मिल सके और उनकी वर्षों पुरानी मांगों का निराकरण हो।
उन्होंने जिले के सभी पटवारी साथियों से 03 अगस्त को सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल में शामिल होने और आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। संघ का मानना है कि यदि शासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।
प्रदेशव्यापी इस हड़ताल के कारण 03 अगस्त को राजस्व विभाग से जुड़े कई कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों से संबंधित राजस्व प्रक्रिया सहित अन्य पटवारी स्तर के कार्यों पर असर पड़ सकता है। ऐसे में आम नागरिकों को उस दिन राजस्व कार्यालयों में आवश्यक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT