मरीजों की सेहत से खिलवाड़, जांच में मिली एक्सपायरी दवाइयां
धमतरी, 11 सितंबर (हि.स.)। मरीजों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। अछोटा चौक स्थित दो मेडिकल स्टोर में शुक्रवार को जांच के दौरान बड़ी संख्या में एक्सपायरी डेट की दवाइयां मिलीं। राजस्व विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए मां अंगारमोती मेडिकल स्टोर और श्री साईं मेडिकल स्टोर को तत्काल बंद करा दिया।
संयुक्त टीम ने शुक्रवार को दोनों मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान दवाइयों के भंडारण और बिक्री व्यवस्था की जांच की गई। दोनों प्रतिष्ठानों में एक्सपायरी डेट की दवाइयां अधिक संख्या में मिलीं। टीम ने इसे औषधि सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के संचालन पर रोक लगा दी। संचालकों को विभागीय नोटिस का जवाब देने और पाई गई अनियमितताओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) मिलने तक दोनों मेडिकल स्टोर नहीं खोले जा सकेंगे।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मेडिकल स्टोर संचालक यह सुनिश्चित करें कि एक्सपायरी डेट की दवाइयां बिक्री योग्य दवाइयों के साथ न रखी जाएं। मेडिकल स्टोर में एक्सपायरी डेट की दवाइयों को बिक्री योग्य दवाइयों से अलग रखना जरूरी है। ऐसी दवाइयों का नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण किया जाना चाहिए। इनके मरीजों तक पहुंचने पर स्वास्थ्य संबंधी गंभीर जोखिम हो सकता है।
औषधियों के भंडारण और विक्रय से जुड़े सभी नियमों का पालन जरूरी है। जांच में गंभीर अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन द्वारा जिले के अन्य मेडिकल स्टोर्स की भी जांच जारी रखी जाएगी। टीम दवाइयों के भंडारण, बिक्री और नियामकीय प्रावधानों के पालन की जांच करेगी। अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान औषधि निरीक्षक सुमीत देवांगन सहित राजस्व और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा