परघनी में मातम: नाच के दौरान धक्का-मुक्की से भड़की हिंसा, चाकूबाजी में युवक की मौत
धमतरी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस धमतरी के अंतर्गत थाना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में शादी के चौथिया/परघनी कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नाच-गान के बीच धक्का लगने की बात को लेकर वधू पक्ष के युवकों और बाजा पार्टी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार 21 फरवरी की रात करीब 8 बजे बाजार चौक के पास परघनी कार्यक्रम चल रहा था। मालगांव निवासी टेटकूराम निषाद अपनी पुत्री के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने परिवार के साथ ग्राम भोथीडीह आए थे। इसी दौरान उनके पुत्र चंदन निषाद का बाजा बजाने वाले युवकों से धक्का लगने को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के बाद आरोपिताें ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और एकराय होकर चंदन निषाद तथा तरुण ध्रुव पर चाकू से प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल चंदन निषाद ने दम तोड़ दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही थाना मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 33/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की। रातभर घेराबंदी और पूछताछ के बाद सात आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। दो विधि से संघर्षरत बालक भी इस प्रकरण में संलिप्त पाए गए हैं, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित तोषण चक्रधारी (18 वर्ष 4 माह), अभिषेक पटेल (20 वर्ष), हिनेश उर्फ हिलेश्वर (18 वर्ष 4 माह), ताम्रज कंवर (18 वर्ष 3 माह), गुलाब दीवान (20 वर्ष) सहित दो विधि से संघर्षरत बालक। सभी निवासी ग्राम भोथीडीह, थाना मगरलोड, जिला धमतरी। पुलिस के अनुसार आरोपिताें के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपिताें का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है और वे नशे की हालत में भी नहीं पाए गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा