यातायात जन-जागरूकता अभियान में पालकों को किया गया जागरूक
बीजापुर, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले की यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज रविवार काे साप्ताहिक बाजार बीजापुर में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजार में उपस्थित आम नागरिकों, पालकों, वाहन चालकों एवं युवाओं को यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान विशेष रूप से पालकों को समझाइश दी गई कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। बताया गया कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों एवं अन्य राहगीरों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे भावनाओं में आकर बच्चों को वाहन न सौंपें और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं अपर्याप्त अनुभव के वाहन चलाना है। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है, तो मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वाहन स्वामी एवं अभिभावकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। इस दौरान नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने तथा सभी यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
बीजापुर पुलिस ने आमजन से अपील की कि सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन बनाते हुए सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने बच्चों को जिम्मेदार एवं सुरक्षित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें। सुरक्षित यातायात व्यवस्था प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं जिम्मेदारी से ही संभव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे