पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा ने अर्पित की श्रद्धांजलि
कोरबा, 25 सितम्बर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती एवं अंत्योदय दिवस के अवसर पर आज श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने एकात्म मानववाद के माध्यम से ऐसी विकास दृष्टि प्रस्तुत की, जिसमें समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को प्राथमिकता दी गई। उनका अंत्योदय का विचार आज भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, अवसर और खुशहाली पहुंचाने की प्रेरणा देता है।
गोपाल मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार और आदर्श भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। राष्ट्रहित, समाज सेवा और अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए उनका समर्पित जीवन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, डॉ. राजेश राठौर, प्रीति स्वर्णकार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी