प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति देमार में धान खरीदी का शुभारंभ, किसानों को दी शुभकामनाएं

 


धमतरी, 15 नवंबर (हि.स.)। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति देमार में रविवार काे समर्थन मूल्य पर धान खरीद का शुभारंभ उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी एवं अन्नमाता की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत धमतरी के कृषि सभापति अग्रवाल साहू एवं पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य खिलेश्वरी किरण उपस्थित रहे।

अतिथियों ने कहा कि धान खरीद केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों के परिश्रम, सम्मान और आर्थिक समृद्धि से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। प्रदेश सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर रही है, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिल सके।

उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली, कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। धान खरीद व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अतिथियों ने किसानों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी उपज का विक्रय करने और खरीदी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत देमार के सरपंच विमलेश मिनपाल, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बसंत परदेसी मिनपाल, समिति प्रबंधक संतोष कुमार पटेल, गोपाल यादव, नोडल अधिकारी सुरेंद्र मरकाम, कृषि विस्तार अधिकारी भाग्यश्री गुप्ता सहित क्षेत्र के किसान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों ने किसानों को धान खरीद सत्र के शुभारंभ की बधाई देते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि से ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा