कोरबा जिले में समर्थन मूल्य पर अब तक 21 लाख 34 हजार क्विंटल से अधिक धान की हुई खरीद

 

कोरबा, 19 जनवरी (हि. स.)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीद का कार्य सुचारु रूप से जारी है। जिले के 65 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीद की जा रही है। शासन की इस व्यवस्था से जिले के किसानों में उत्साह और संतोष का माहौल देखा जा रहा है।

धान खरीद को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों को ऑनलाइन टोकन वितरण की सुविधा दी जा रही है, वहीं बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से सटीक तौलाई तथा शीघ्र भुगतान की व्यवस्था भी की गई है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिले में 52 हजार से अधिक किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं। खरीद की शुरुआत से अब तक पंजीकृत किसानों से कुल 21 लाख 34 हजार 220 क्विंटल गुणवत्तायुक्त धान की खरीद की जा चुकी है। इसके साथ ही जिले में अब तक 14 लाख 13 हजार 970 क्विंटल धान का उठाव भी सफलतापूर्वक किया जा चुका है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी डीओ के तहत हाथी प्रभावित क्षेत्रों एवं संवेदनशील उपार्जन केंद्रों से प्राथमिकता के आधार पर धान का उठाव कराया जा रहा है, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संग्रहण केंद्रों की व्यवस्था की गई है तथा समितियों में धान की स्टैकिंग कराकर अतिरिक्त स्थान भी उपलब्ध कराया गया है।

प्रशासन की सतत निगरानी और सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहा है और किसानों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी