बेमेतरा : धान खरीद महाभियान का विधायक दीपेश साहू ने किया विधिवत शुभारंभ

 




किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर किया आत्मीय स्वागत

बेमेतरा, 15 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीद महाभियान का 15 नवंबर से प्रदेशभर में शुभारंभ किया गया।

इसी क्रम में सेवा सहकारी समिति मर्यादित बेमेतरा एवं सेवा सहकारी समिति बीजाभाट में आयोजित धान खरीद उत्सव कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीद कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक साहू एवं उपस्थित अतिथियों ने धान विक्रय के लिए खरीद केंद्र पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। साथ ही किसानों की उपज की विधिवत खरीद प्रारंभ कराई। विधायक ने खरीद केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधन को किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का मूल आधार किसान और कृषि है। प्रदेश के अन्नदाता किसानों के अथक परिश्रम से ही राज्य की समृद्धि और विकास की नींव मजबूत होती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके आर्थिक सशक्तीकरण, कृषि विकास और खुशहाली के लिए निरंतर महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। हमारी सरकार का संकल्प है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले और खेती उनके लिए लाभकारी बने।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा हाल ही में की गई महत्वपूर्ण किसान हितैषी घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत सरकार ने किसानों को बड़ी राहत प्रदान की है। अब यदि किसी पात्र किसान के पास प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल के स्थान पर केवल 15 क्विंटल धान की उपज होती है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्राप्त होगी। पहले कम मात्रा में धान विक्रय करने पर सहायता राशि भी उसी अनुपात में कम हो जाती थी, लेकिन मुख्यमंत्री जी के इस संवेदनशील निर्णय से कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी पूरी सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा। यह निर्णय विशेष रूप से छोटे, सीमांत एवं कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों के लिए आर्थिक संबल साबित होगा।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद कर रही है। यह केवल एक आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि किसानों के परिश्रम, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर साकार करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार किसानों के हित में लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।

कार्यक्रम के समापन पर विधायक साहू ने समस्त अन्नदाता किसानों को धान खरीदी महाभियान की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक किसान आर्थिक रूप से समृद्ध और खुशहाल बने, यही हमारी सरकार का संकल्प है। किसानों के चेहरे पर मुस्कान और उनके परिवारों में खुशहाली लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर युगल देवांगन, महेश साहू, हर्षवर्धन तिवारी, मोंटी साहू, सोसायटी अध्यक्ष दोहई लाल वर्मा, पार्षद विकास तम्बोली, पंचू साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल