कांटा-बांट की पूजा के साथ धान खरीद शुरू, पहले दिन 554 किसानों ने कटवाया टोकन

 


कलेक्टर ने भटगांव उपार्जन केंद्र का किया निरीक्षण, खुद तौला धान और नमी मापक यंत्र से की जांच

धमतरी, 15 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर से जिले के 108 धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। पहले दिन खरीदी केंद्रों में उत्साह का माहौल रहा। परंपरा के अनुसार विभिन्न केंद्रों में कांटा-बांट की पूजा-अर्चना कर खरीदी की शुरुआत की गई। पहले दिन जिले के 554 पंजीकृत किसानों ने टोकन कटवाया।

करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रहा। किसान सुबह से ही ट्रैक्टर और अन्य वाहनों में धान लेकर केंद्रों में पहुंचने लगे। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शुरुआती दिन भटगांव उपार्जन केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं किसान का धान तौला और नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच की। साथ ही किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने पंजीयन, धान के रकबे, बारदाने की उपलब्धता, कांटा-बांट के सत्यापन तथा भंडारण व्यवस्था का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीद कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से किया जाए। दूसरे राज्यों एवं कोचियों के माध्यम से अवैध धान खपाने की कोशिशों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा ऐसे धान की जानकारी मिलने पर जब्ती की कार्रवाई की जाए। उन्होंने खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सभी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चबूतरों का निरीक्षण करते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जिले में 1 लाख 31 हजार 491 किसान पंजीकृत हैं। इनका कुल पंजीकृत भूमि रकबा 1 लाख 30 हजार 659 हेक्टेयर तथा धान का रकबा 1 लाख 22 हजार 58 हेक्टेयर है। अवैध धान की आवक रोकने के लिए सीमावर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चेकपोस्ट बनाए गए हैं। निगरानी के लिए नोडल अधिकारी और उड़नदस्ता दल भी गठित किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. कल्पना ध्रुव, जिला खाद्य अधिकारी बसंत कोर्राम, सीओसीसीबी गोस्वामी, सुनील सिंह, उपसंचालक सहकारी समिति प्रदीप ठाकुर, तहसीलदार दुर्गा साहू, समिति प्रबंधक देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा