कोरबा में चक्रवात की आशंका से तेज हुई धान कटाई, किसानों को फसल बचाने की चिंता
कोरबा, 28 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अर्नव और अकवान चक्रवात के कारण फसलों और लोक संपत्ति को हुए नुकसान का दर्द अभी कम भी नहीं हुआ है, वहीं मौसम विभाग ने अब कानी चक्रवात को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। लगातार मौसम की मार झेल रहे किसानों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। संभावित बारिश और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए किसान खेतों में धान कटाई का काम तेजी से पूरा करने में जुट गए हैं। किसानों की कोशिश है कि अगली मौसमीय आफत आने से पहले बची हुई फसल को सुरक्षित कर लिया जाए।
जिले में 52 हजार से अधिक पंजीकृत किसान हैं, जिन्होंने इस खरीफ सीजन में धान की फसल ली है। इसके अलावा अपंजीकृत किसानों की संख्या भी काफी है। पिछले वर्ष जिले में करीब 30 लाख क्विंटल धान की खरीदी हुई थी, लेकिन इस बार खरीदी का आंकड़ा घटने की आशंका जताई जा रही है।
दरअसल, अकवान चक्रवात के प्रभाव से जिले में धान की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई थीं। शुरुआती आकलन में करीब 30 प्रतिशत फसल प्रभावित होने की बात कही गई थी। इससे बड़ी संख्या में किसानों की उपज प्रभावित हुई है। ऐसे में कई किसान अपनी पूरी फसल समर्थन मूल्य पर बेच पाने की स्थिति में नहीं रह सकते।
कृषि विभाग की सलाह और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए किसान अब किसी तरह जोखिम उठाने के मूड में नहीं हैं। खेतों में तैयार खड़ी फसल को जल्द से जल्द काटकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है। किसानों को डर है कि यदि एक बार फिर चक्रवात के कारण बारिश हुई तो बची हुई फसल भी बर्बाद हो सकती है।
लगातार चक्रवात और मौसम की मार के बीच इस बार जिले में धान उत्पादन और सरकारी खरीद पर भी असर पड़ने की संभावना है। अब सबकी नजरें मौसम के अगले रुख और फसल नुकसान के वास्तविक आकलन पर टिकी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी