'रन फॉर ग्रीन मैराथन': 200 से अधिक 'माय भारत' यूथ वालेंटियर्स ने हरित कोरबा का दिया संदेश

 


'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

कोरबा, 18 जुलाई (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित 'रन फॉर ग्रीन मैराथन' और 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में 200 से अधिक 'माय भारत' यूथ वालेंटियर्स ने भाग लेकर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को ऊर्जा और जनसहभागिता से भर दिया।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में संचालित 'माय भारत युवा कार्यक्रम' के तहत यह आयोजन जिला प्रशासन कोरबा एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 18 जुलाई को घंटाघर मैदान तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का संचालन कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में 'माय भारत युवा कार्यक्रम' के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह के नेतृत्व में 200 से अधिक यूथ वालेंटियर्स ने रन फॉर ग्रीन मैराथन में दौड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली का संदेश दिया। इसके बाद सभी स्वयंसेवकों ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर युवाओं ने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और हरित आवरण को बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कोरबा शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज कोरबा, शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कमला नेहरू महाविद्यालय, अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, डाइट कोरबा, एम.एल.सी. कम्प्यूटर कॉलेज तथा के.सी.सी. कम्प्यूटर कॉलेज सहित अन्य संस्थानों के 200 से अधिक 'माय भारत' यूथ वालेंटियर्स शामिल रहे।

जिला प्रशासन ने युवाओं की इस सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के अभियानों में युवाओं की सहभागिता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हरित और स्वच्छ कोरबा के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी