कोरबा में सात साल की मासूम की हत्या पर फूटा आक्रोश, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और क्रांति सेना ने की फांसी की मांग
कोरबा, 23 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध में आज शुक्रवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।
संगठनों ने जिले में हत्या, चाकूबाजी और अवैध नशे के कारोबार को लेकर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। साथ ही कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन से भी जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर जवाब मांगा है।
रजगामार क्षेत्र में 19 अक्टूबर को घर के पास से लापता हुई सात वर्षीय बालिका का शव 22 अक्टूबर को बरामद हुआ था। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। संगठनों ने बच्ची के साथ अनाचार की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सभी तथ्यों की जांच की जाए। यदि अनाचार की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई कर दोषी को फांसी की सजा दिलाई जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा प्रदान करने की मांग भी की गई है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष जैनेंद्र कुर्रे ने जिले में अवैध शराब, गांजा और नशे की गोलियों की कथित बिक्री को लेकर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि जिले के गांवों और गलियों में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, लेकिन इस पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा रही है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री सुरेंद्र राठौर और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कोरबा जिला अध्यक्ष सुरजीत सोनी ने भी कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
संगठनों ने मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में राहुल उर्फ गोल्डन की हत्या का मामला भी उठाया। दशहरा उत्सव के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए पदाधिकारियों ने सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
इस दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष जैनेंद्र कुर्रे ने कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोरबा के विधायक प्रदेश सरकार में मंत्री हैं, इसके बावजूद जिले में अपराध और अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कुर्रे ने पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह जनता ने उन्हें चुनाव में नकार दिया था, उसी तरह कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर जनता वर्तमान मंत्री को भी जवाब दे सकती है।
संगठनों ने प्रशासन से हत्या, चाकूबाजी, चोरी, लूट और अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल आश्वासन देने के बजाय जमीनी स्तर पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। साथ ही किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री सुरेंद्र राठौर, जिला अध्यक्ष जैनेंद्र कुर्रे और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कोरबा जिला अध्यक्ष सुरजीत सोनी सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठनों ने मासूम बच्ची के मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने और जिले की कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी