उरला औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन, 242 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
विधायक मोतीलाल साहू ने किया श्रमिक सहायता केंद्र का शुभारंभ
रायपुर, 27 नवंबर (हि. स.)। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने आज शुक्रवार को उरला औद्योगिक क्षेत्र में श्रम विभाग द्वारा आयोजित श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं ईएसआईसी के चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा 242 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री साहू ने श्रमिकों की सुविधा के लिए श्रमिक सहायता केंद्र का भी शुभारंभ किया।
उरला औद्योगिक क्षेत्र में प्रारंभ किए गए श्रमिक सहायता केंद्र के माध्यम से श्रमिकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र में श्रमिक पंजीयन, शासन की विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन, संशोधन एवं नवीनीकरण की सेवाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही श्रमिकों की समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा। इस पहल से औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को श्रम विभाग की सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, उरला क्षेत्र के श्रमिक तथा जिला श्रम कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर