धमतरी में संगठित चोर गिरोह का राजफाश, 24 लाख की संपत्ति जब्त, आठ आरोपित गिरफ्तार

 


धमतरी, 14 जून (हि.स.)। धमतरी पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का रविवार काे राजफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त सामान तथा मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामला थाना नगरी क्षेत्र का है, जहां जंगलपारा नगरी निवासी राधिका साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पांच से छह जून के बीच वे अपने मकान में ताला लगाकर ग्राम जीजामगांव स्थित मातंगी धाम दर्शन के लिए गई थीं। आठ जून को घर में कार्य करने वाली महिला ने सूचना दी कि मकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ है और घर का सामान बिखरा पड़ा है। घर पहुंचने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने मकान में घुसकर आलमारी तोड़ दी और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषणों सहित नगदी पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना नगरी में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा साइबर थाना और नगरी थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने सामूहिक रूप से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने पहले मकान की रेकी की और उसके बाद पीछे का दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया। लोहे के रॉड से आलमारी तोड़कर सोना-चांदी के कीमती आभूषण एवं नगदी चोरी कर ली।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों ने थाना नगरी के एक अन्य चोरी के मामले में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसमें एक अन्य सूने मकान से आभूषण, नगदी और सिक्कों की चोरी की गई थी। वहीं मुख्य आरोपित तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू ने थाना नगरी में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी की घटना को भी अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि चोरी किए गए आभूषण और अन्य सामान आरोपितों ने आपस में बांट लिए थे। चोरी के कुछ जेवर पुष्पजीत खरे ने नोवल जैन को बेच दिए थे, जबकि लक्की गुप्ता ने चोरी का कुछ सामान अपनी मां सीमा गुप्ता को छिपाने के लिए दिया था। चोरी के माल को खरीदने और छिपाने में संलिप्त पाए जाने पर इनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 144.11 ग्राम सोना, जिसमें रानी हार, मंगलसूत्र, गुलबंद, झुमका, बाली, अंगूठी और टॉप्स शामिल हैं, जब्त किया है। इसके अलावा लगभग 2167.845 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनमें करधन, पायल, चांदी के सिक्के और रिंग शामिल हैं, बरामद किए गए हैं। साथ ही 11,300 रुपये नगद, सिक्के, दो एप्पल मोबाइल, दो विवो मोबाइल, चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड तथा मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार लगभग 24 लाख रुपये आंका गया है।

गिरफ्तार आरोपितों में तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू (19), लक्की गुप्ता (19), प्रहलाद नेताम उर्फ राहुल (19), हितेश्वर मरकाम उर्फ प्रधान (23), पुष्पजीत खरे उर्फ जीत्तू (18), भावेश कुमार साहू उर्फ मेलोडी (20), नोवल जैन (22) तथा सीमा गुप्ता (40) शामिल हैं। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा