ई-वेस्ट (ई-कचरा) के प्रति जागरूकता एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

 


जगदलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 जगदलपुर, विद्यालय में शुक्रवार काे इको क्लब के तत्वावधान में विद्यार्थियों को ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) के उचित प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ई-वेस्ट के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि मोबाइल, कंप्यूटर, लैपटॉप, बैटरी, चार्जर, टेलीविजन एवं अन्य खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ई-वेस्ट की श्रेणी में आते हैं। इनका अनुचित निपटान पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

विद्यार्थियों को ई-वेस्ट के दुष्प्रभाव, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग), पुनः उपयोग तथा सुरक्षित निपटान के तरीकों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें अपने घर एवं आसपास उत्पन्न होने वाले ई-कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। ई-कचरे का सही प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण की ओर एक महत्वपूर्ण कदम।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के ज्ञान एवं जागरूकता का आकलन करने हेतु क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ई-वेस्ट से संबंधित विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। कार्यक्रम में संस्था प्रमुख रजी वर्गिस, इको क्लब प्रभारी जी. सुभद्रा राव, व्याख्याता गणेश भगत व्याख्याता कल्याणी मिश्रा एवं दीपिका भास्कर एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे