जनदर्शन में कलेक्टर महोबे ने सुनीं लोगों की समस्याएं, 66 आवेदनों पर त्वरित निराकरण के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई (हि. स.)। जिले के कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को साप्ताहिक जनदर्शन का आयोजन किया गया। जनदर्शन में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान कुल 66 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि, जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि, नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी प्रकरणों का निर्धारित समय में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। तहसील जांजगीर अंतर्गत ग्राम बसंतपुर निवासी रमेश कुमार पटेल ने भू-अधिकार पुस्तिका में सुधार कराने संबंधी आवेदन दिया। वहीं जांजगीर के चंदनियापारा निवासी जमुना यादव ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इसी तरह तहसील शिवरीनारायण अंतर्गत ग्राम दुरपा निवासी चंद्रिका देवी सहिस ने पेंशन दिलाने, चांपा निवासी मदनलाल देवांगन ने आवासीय पट्टा नामांतरण कराने और अकलतरा निवासी अजय कुमार ने प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
इसके अलावा तहसील बलौदा के ग्राम औराई कला निवासी सुखी राम पटेल ने मुआवजा राशि दिलाने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। जनदर्शन में सीमांकन, नामांतरण, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश देते हुए कहा कि, शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि, जनदर्शन में आने वाले आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT