डॉ. अजय कौशिक को जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार, आदेश जारी

 


बिलासपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। । छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने बिलासपुर जिले के शिक्षा प्रशासन से जुड़ा अहम फैसला लिया है। विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) के पद पर नियमित नियुक्ति होने तक अंतरिम व्यवस्था के तहत डॉ. अजय कौशिक को जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर में सहायक संचालक (मूल पद प्राचार्य) के रूप में पदस्थ डॉ. अजय कौशिक अपने मौजूदा दायित्वों के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यभार भी संभालेंगे। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर नियमित नियुक्ति होने तक प्रभावी रहेगी।

शासन का कहना है कि यह अंतरिम व्यवस्था शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए की गई है। नियमित डीईओ की नियुक्ति तक डॉ. अजय कौशिक अतिरिक्त प्रभार संभालते हुए विभागीय कार्यों का संचालन करेंगे, जिससे जिले में शिक्षा संबंधी प्रशासनिक गतिविधियां सुचारु रूप से जारी रह सकें।

शासन के इस निर्णय के बाद बिलासपुर जिले में स्कूल शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी और विभागीय योजनाओं एवं अन्य जरूरी कार्यों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल