गौमांस बरामदगी मामले में बुलडोजर कार्रवाई का विरोध, गाड़ा बस्ती में बढ़ा तनाव
धमतरी, 13 जून (हि.स.)। साल्हेवारपारा की गाड़ा बस्ती में कथित गौमांस बरामदगी के मामले ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया, जब नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। जैसे ही टीम संबंधित मकान और स्थल पर कार्रवाई करने पहुंची, बड़ी संख्या में स्थानीय पुरुष और महिलाएं विरोध में सामने आ गए और तोड़फोड़ की कार्रवाई का विरोध करने लगे।
काफी देर तक सलाह और बातचीत का दौर चलता रहा, लेकिन विरोध जारी रहने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद नगर निगम की टीम उस स्थान की ओर बढ़ी, जहां कथित रूप से पशु वध किए जाने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन वहां भी लोगों ने विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और समाचार लिखे जाने तक नगर निगम तथा पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही।
गौरतलब है कि गुरुवार को गाड़ा बस्ती में कार्रवाई के दौरान लगभग 86 किलो कथित गौमांस बरामद किया गया था, जिसके बाद पूरे शहर में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद से हिंदू जागरण मंच लगातार आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले शुक्रवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया था और आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि गाड़ा पारा निवासी संतराम द्वारा गौहत्या कर गौमांस की बिक्री किए जाने की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 86 किलो मांस जब्त किया था। उन्होंने इस घटना को गंभीर और जघन्य अपराध बताते हुए शासन के नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की।
मंच के डाकेश्वर साहू, चित्रेश साहू, अभिषेक, मोनू साहू, प्रिंस जैन सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि गौमांस की बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा