स्वर सम्राज्ञी ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर की जयंती पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया पुण्य स्मरण
-भारतीय संगीत में लता जी का अमूल्य योगदान सदैव याद किया जाएगा : मंत्री चौधरी
रायपुर 28 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महान सुर साधिका, स्वर सम्राज्ञी और ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण करते हुए उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि अपनी अद्वितीय आवाज और संगीत साधना से लता जी ने भारतीय संगीत जगत में एक अमिट छाप छोड़ी है।
वित्त मंत्री चौधरी ने साेमवार काे कहा कि लता मंगेशकर ने दशकों तक अपनी मधुर आवाज से हिंदी सिनेमा के संगीत को नई ऊंचाइयां दीं। उनके स्वर में सजे असंख्य गीतों ने संगीत प्रेमियों के हृदय में विशेष स्थान बनाया और पीढ़ियों तक सुने जाने वाले कालजयी गीतों की समृद्ध विरासत देश को दी। उन्होंने कहा कि लता जी की आवाज में भारतीय संस्कृति, संवेदना और भावनाओं की अद्भुत अभिव्यक्ति थी। देशभक्ति के गीतों से लेकर भक्ति और भावप्रधान गीतों तक उनकी गायकी ने हर पीढ़ी को प्रभावित किया। संगीत के प्रति उनका समर्पण और साधना आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
मंत्री चौधरी ने कहा कि भारतीय संगीत और कला जगत में लता मंगेशकर का अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी जयंती पर उन्हें सादर नमन।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल