शहर के सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में हो पूर्ण : ओपी चौधरी
रायगढ़, 19 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सोमवार को रायगढ़ शहर में निर्माणधीन विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जोगीडीपा में निर्माणधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में निर्माणाधीन स्विमिंग पुल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा तालाब, किसान राइस मिल परिसर स्थित ऑक्सीजोन तथा मिट्ठूमुड़ा तालाब में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री चौधरी ने अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण आवश्यक है। इससे निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के साथ नागरिकों की अपेक्षाओं और आवश्यक सुधारों की जानकारी भी मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों को बेहतर योजना, आपसी समन्वय और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी तथा नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कैनाल लिंक रोड से बेहतर होगी शहर की कनेक्टिविटी
कैनाल लिंक रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने इसकी प्रगति की जानकारी ली। यह मार्ग केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू एवं ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ने की महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से शहर में आवागमन को सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सड़क निर्माण से संबंधित सीमांकन सहित आवश्यक प्रक्रियाओं को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बोइरदादर स्टेडियम के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता
वित्त मंत्री चौधरी ने बोइरदादर स्टेडियम में निर्माणाधीन ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही ट्रैक पर जमा मलबे को हटाकर परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना का विकास खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाब का होगा आकर्षक विकास
वित्त मंत्री ने फटहामुड़ा एवं मिट्ठूमुड़ा तालाब में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। फटहामुड़ा तालाब के किनारे पाथवे, गार्डन, ओपन जिम और पचरी जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। तालाब परिसर में फाउंटेन और प्रकाश व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे यह स्थल नागरिकों के भ्रमण, व्यायाम और मनोरंजन के लिए आकर्षक बनेगा। इस क्षेत्र में पाथवे, गार्डन, प्रवेश मार्ग, ओपन जिम और पौधरोपण जैसी सुविधाओं के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। वित्त मंत्री ने तालाब के सौंदर्यीकरण को समग्र विकास परियोजना के रूप में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वहां उपस्थित नागरिकों की मांग पर मंदिर निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये की सहायता देने की बात कही।
प्रगति नगर मरीन ड्राइव और ऑक्सीजोन की प्रगति का लिया जायजा
वित्त मंत्री ने प्रगति नगर मरीन ड्राइव क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। यहां ओपन जिम, पाथवे और योग केंद्र सहित विभिन्न सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इन सुविधाओं के माध्यम से शहरवासियों को हरित, स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान