अब गांव में ही होंगे आनलाइन कार्य, मुजगहन में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का हुआ लोकार्पण

 


धमतरी, 17 अप्रैल (हि.स.)।ग्राम पंचायत मुजगहन में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का शुक्रवार को लोकार्पण हुआ। इस केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके पंचायत स्तर पर ही डिजिटल, आनलाइन और विभिन्न शासकीय सेवाओं का त्वरित एवं सहज लाभ उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

समारोह की शुरूआत में अतिथियों ने फीता काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया और उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। लोकार्पण अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने डिजिटल साक्षरता की ओर मुजगहन का एक और सफल कदम के संकल्प को दोहराते हुए इसे ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

सरपंच होमेश्वर साहू ने कहा कि यह केंद्र गांव के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। अब ग्रामीणों, किसानों और छात्र-छात्राओं को छोटे-छोटे आनलाइन कार्य, शासकीय योजनाओं के आवेदन और प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा। यह पहल मुजगहन को डिजिटल, स्मार्ट और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कारगर सिद्ध होगी।

जनपद पंचायत सदस्य कीर्तन मीनपाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल मुख्यधारा से जोड़ना समय की जरूरत है। इस सुविधा केंद्र के माध्यम से शासकीय योजनाओं का लाभ अब पारदर्शी और सुलभ तरीके से गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने इसे अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक पहल बताया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू और उप सरपंच जतिन साहू विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। साथ ही पंचगण विशाखा अग्रवाल, विमला साहू, कुमारी बाई साहू, लीलेश्वर साहू, पंचायत सचिव दीपक सोनकर, रोजगार सहायक बुंदेश्वरी गोस्वामी और रूपचंद यादव सहित अन्य प्रतिनिधियों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा