अब हर सप्ताह होगी शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी की समीक्षा, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 

धमतरी, 21 नवंबर (हि.स.)। वीएसके एप में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने के मामलों को लेकर अब जिला शिक्षा विभाग ने सख्ती बरतने की तैयारी कर ली है। राज्य स्तर से जिला शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने की कार्रवाई के बाद अब जिला स्तर पर भी शिक्षकों की हाजिरी की नियमित निगरानी की जाएगी। इसके तहत जिले के चारों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) से हर सप्ताह शिक्षकों की उपस्थिति रिपोर्ट मांगी गई है।

रिपोर्ट के आधार पर ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों के मामलों की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विगत दिनों वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले जिले के 15 शिक्षकों की सूची डीपीआई से जिला शिक्षा विभाग को मिली थी। विभागीय जांच के दौरान नौ शिक्षकों द्वारा उपस्थिति दर्ज नहीं करने का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। इसके चलते जिला स्तर से उन्हें नोटिस जारी किया गया है। अब विभाग इन मामलों के साथ ही जिले के अन्य शिक्षकों की उपस्थिति की भी नियमित समीक्षा करेगा।

सहायक संचालक यदुनंदन वर्मा ने बताया कि धमतरी, कुरुद, मगरलोड और नगरी विकासखंड के बीईओ प्रत्येक सप्ताह अपने क्षेत्र के शिक्षकों की उपस्थिति रिपोर्ट जिला कार्यालय को सौंपेंगे। रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत जानकारी लेकर हाजिरी दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों के मामलों की पड़ताल की जाएगी। यदि किसी शिक्षक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, वीएसके एप पर उपस्थिति दर्ज करने में शिक्षकों को तकनीकी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। जिला शिक्षा विभाग को नगरी विकासखंड के सुदूरवर्ती गांवों और धमतरी विकासखंड के डुबान क्षेत्र से नेटवर्क की समस्या की शिकायतें मिली हैं। इसके अलावा सर्वर में दिक्कत और कुछ शिक्षकों के मोबाइल में वीएसके एप सपोर्ट नहीं करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। ऐसे में विभाग को अनुपस्थिति के मामलों की जांच के दौरान तकनीकी कारणों को भी ध्यान में रखना होगा, ताकि वास्तविक समस्या और लापरवाही के बीच अंतर स्पष्ट हो सके। उल्लेखनीय है कि जिले में वीएसके एप पर कुल 5644 शिक्षक पंजीकृत हैं। इस एप के माध्यम से स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति की ऑनलाइन निगरानी की जाती है। शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने और छुट्टी के समय एप पर अपनी हाजिरी दर्ज करनी होती है। इससे उनके स्कूल आने और जाने के समय की जानकारी विभाग को मिलती है तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा