'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान: लायंस क्लब कोरबा ने निगम के साथ किया वृक्षारोपण, हरित कोरबा का लिया संकल्प

 




कोरबा, 28 जुलाई (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत मंगलवार को लायंस क्लब कोरबा ने नगर पालिक निगम के साथ मिलकर वृक्षारोपण किया। निहारिका पतंजलि स्टोर से स्मृति उद्यान तक आयोजित इस अभियान में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, लायंस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और निगम अधिकारियों ने रिमझिम बारिश के बीच पौधे लगाए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में जिला प्रशासन, नगर पालिक निगम कोरबा और वन विभाग के संयुक्त सहयोग से 18 जुलाई से 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत शहर में सघन वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित कार्यक्रम में लायंस क्लब कोरबा ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

वृक्षारोपण के दौरान लायंस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि हरित कोरबा के लक्ष्य को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के अलावा रविशंकर सिंह, दीपक अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, श्वेता, दिनेश राठौर, राजकुमार अग्रवाल उत्सव, अशोक बजाज, पुरुषोत्तम अग्रवाल, इंदु राजवाड़े, उत्तम श्रीवास, गोपाल जायसवाल, निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, उद्यान अधीक्षक आनंद सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सभी ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने, उनकी देखरेख करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने की अपील की। अभियान का उद्देश्य कोरबा को हराभरा, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक शहर बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी