कामकाज में इतनी पारदर्शिता रखें कि जानकारी छिपाने की जरूरत ही न पड़े : कलेक्टर
आरटीआई पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
बिलासपुर 16 अक्टूबर (हि.स.)। कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आज शुक्रवार काे जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आरटीआई पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग संबंधी एक दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के जनसूचना अधिकारियों एवं प्रथम अपीलीय अधिकारियों ने भाग लिया। तकनीकी अधिकारियों ने पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया समझाई और इसके उपयोग का प्रशिक्षण दिया।
कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि अधिकारी अपने कामकाज में इतनी पारदर्शिता बरतें कि सूचना देते समय किसी जानकारी को छिपाने की जरूरत ही न पड़े। सूचना का अधिकार अधिनियम कामकाज में जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ ही गलत कार्यों से बचने के लिए भी प्रेरित करता है। उन्होंने अधिकारियों से अधिनियम के प्रावधानों को सावधानीपूर्वक पढ़ने, समझने और उनकी मंशा के अनुरूप कार्य करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम की मंशा जनहित में है। इसे केवल आवेदनों के निराकरण तक सीमित रखकर देखने के बजाय व्यापक सामाजिक परिप्रेक्ष्य में समझना चाहिए। लोकतंत्र में आम नागरिक का अधिकार सम्पन्न होना देश के विकास को मजबूती देता है। जनता के हाथ में सूचना की ताकत होने से प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ती है।
अग्रवाल ने कहा कि अधिनियम के प्रावधानों की पर्याप्त जानकारी नहीं होने से अधिकारियों को दंडात्मक कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है। इसलिए इसके अध्ययन और समझ पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को सुझाव दिया कि अधिनियम को सूचना देने वाले अधिकारी के साथ ही सूचना मांगने वाले नागरिक के दृष्टिकोण से भी पढ़ें। इससे इसके उद्देश्य और विभिन्न प्रावधानों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर डॉक्टर ज्योति पटेल, डिप्टी कलेक्टर सालिकराम गुप्ता सहित जिले के जनसूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल