50.900 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक आराेपित गिरफ्तार
सुकमा, 06 नवंबर (हि.स.)। जिले के छिंदगढ़ थाना पुलिस ने शुक्रवार काे एनएच-30 पर घेराबंदी कर एक स्कार्पियो वाहन से अंग्रेजी शराब और बीयर की खेप बरामद कर शराब और परिवहन में इस्तेमाल स्कार्पियो जब्त कर ली है।
पुलिस ने स्कार्पियो वाहन के चालक लच्छू राम बातिंग काे गिरफ्तार कर आरोपित के खिलाफ छिंदगढ़ थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने वाहन से 52 बोतल सींबा बीयर (650 एमएल प्रति बोतल), 48 पौवा गोवा शराब और 47 पौवा मैकडॉवल नंबर-1 शराब बरामद की। इनकी कुल मात्रा 50.900 बल्क लीटर बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस काे मुखबिर से सूचना मिली कि सुकमा की ओर से एक स्कार्पियो में अवैध अंग्रेजी शराब लाई जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी आशीष वासनिक के नेतृत्व में टीम ने एनएच-30 स्थित छिंदगढ़ बस स्टैंड चौक पर नाकेबंदी की। इस दौरान संदेह के आधार पर स्कार्पियो क्रमांक सीजी-19-डी-0261 को रोककर तलाशी ली गई। स्कार्पियो की तलाशी में बड़ी मात्रा में बीयर और अंग्रेजी शराब मिली। स्कार्पियोवाहन का ड्राइवर शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने स्कार्पियो वाहन के ड्राइवर लच्छू राम बातिंग (35), पिता स्व. बुधरू बातिंग निवासी छिंदगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। जब्त बीयर की अनुमानित कीमत 10,920 रुपये, गोवा शराब की 5,760 रुपये और मैकडॉवल नंबर-1 की 9,400 रुपए है। इस तरह कुल शराब की कीमत 26,080 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा करीब 05 लाख रुपये कीमत की स्कार्पियो भी जब्त की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष वासनिक, एएसआई अनंत ज्ञानी मेश्राम, प्रधान आरक्षक सहदेव नेताम, आरक्षक छोटू मौर्य, देवसन सोड़ी और निरंजन नाग का याेगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे