पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट, दो आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 13 अगस्त (हि. स.)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम तागा में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपिताें को आज गुरुवार काे गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपिताें को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम तागा निवासी ईश्वरी यादव, उम्र 53 वर्ष, ने मुलमुला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसका बेटा अनिल यादव ग्राम के शिवशंकर कश्यप के ट्रैक्टर में काम करने जाता था। इसी दौरान ट्रैक्टर पलटने की घटना में ट्रैक्टर पर सवार अनिल यादव की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर ईश्वरी यादव ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बताया गया कि इसी घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपिताें ने ईश्वरी यादव के घर में घुसकर उसके साथ लोहे की रॉड और हाथ-मुक्के से मारपीट की। घटना की शिकायत मिलने के बाद मुलमुला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की।
मामले में थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 162/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 117(1), 333 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपिताें के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और दोनों को उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान शिवशंकर कश्यप, (उम्र 32 वर्ष) और रामशंकर कश्यप (उम्र 25 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम तागा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल, थाना प्रभारी मुलमुला, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह सहित थाना मुलमुला के पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT