बस्तर के दंतेवाड़ा जिले तक मानसून के पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि

 


जगदलपुर, 22 जून (हि.स.)। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले तक मानसून के पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि आज साेमवार काे कर दी है। बस्तर संभााग में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आधिकारिक तौर पर 22 जून काे दस्तक देने की बात कही है। इसका असर पूरे बस्तर संभाग में आज सुबह से ही अच्छी बारिश के साथ देखने काे मिला है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बस्तर में मानसून के प्रवेश साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इस दौरान बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर सहित दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। दरअसल, जून के बीते 22 दिनों में राज्य में केवल 32.3 मिमी. बारिश हुई है, और किसी भी जिले में सामान्य वर्षा का कोटा पूरा नहीं हुआ है।

मौसम विभाग के आंकड़ों को मानें तो जून के महीने में अक्सर कम वर्षा का संकट सामने आता है। मानसून के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आएगी और गर्म हवाओं से राहत मिलेगी। मानसून का आगमन माह के दूसरे पखवाड़े में होता है और उसके पूरी तरह सक्रिय होने में वक्त लगता है। राज्य में बारिश का माहौल जुलाई, अगस्त और सितंबर के महीने में ही बनता दिखता है। किसानों ने लिए यह खुशी की लहर है। मॉनसून की शुरुआत के साथ ही खरीफ फसलों की बुआई का काम गति पकड़ेगा। प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार सुबह बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव में तेज हवा चलने, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे