जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें अधिकारी : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

 


ओड़गी में विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर जोर

रायपुर 03 सितंबर (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुरुवार को सूरजपुर जिले के ओड़गी जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित विकासखंड स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक में क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से विभागवार योजनाओं की जानकारी लेते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया। साथ ही आमजन से जुड़ी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आमजन को मिले, इसके लिए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

बैठक में क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभागीय योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने लंबित कार्यों में तेजी लाने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्रमणि पैकरा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल