नर्सिंग के विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक एवं पोस्टर प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा

 




धमतरी, 05 मई (हि.स.)।इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा धमतरी (छत्तीसगढ़) द्वारा (रेडक्रास दिवस आठ मई) के पूर्व पांच मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रिलायंस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एवं फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग, लिमतरा के शिक्षक टोपेश्वर, शिक्षिका प्रेमशीला देवेश साहू ,अनामिका व अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक एवं पोस्टर चित्रकला के माध्यम से अंगदान, रक्तदान, प्राथमिक चिकित्सा तथा नेत्रदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंदों की मदद के लिए हर व्यक्ति को आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ युवाओं को सेवा भाव के लिए प्रेरित करते हैं। अंत में सभी ने मानव सेवा के इस संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि विश्व रेड क्रॉस दिवस हर वर्ष आठ मई को मनाया जाता है। यह दिन हेनरी डुनंत के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है, जिन्होंने रेड क्रॉस संस्था की स्थापना की थी। इस दिवस का उद्देश्य मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता और सेवा जैसे मूल्यों को बढ़ावा देना है। रेड क्रॉस संस्था विश्वभर में आपदा, युद्ध, महामारी और अन्य आपात स्थितियों में लोगों की सहायता के लिए कार्य करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा