एनटीपीसी लारा की शैक्षणिक पहल, साकार हो रहा नवोदय का सपना

 


रायगढ़ , 15 अक्टूबर (हि.स.)। एनटीपीसी लारा द्वारा अपने परियोजना प्रभावित ग्रामों के विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने के उद्देश्य से 03 लर्निंग सेंटरों के माध्यम से एनजीओ एसआईआर के सहायता से नवोदय, एकलव्य, जवाहर उत्कर्ष जैसे परीक्षाओं के लिये विशेष कोचिंग प्रदान की जा रही है।

इस कार्य हेतु भुवनेश्वर पटेल बीईओ ने एनटीपीसी के अधिकारियों से मिलकर स्थानीय संकुल शैक्षिक समन्वयक के साथ मिलकर योजना बनाया था। इसी क्रम में 03 लर्निंग सेंटर छपोरा, लर्निंग सेंटर लारा एवं लर्निंग सेंटर एकताल के 80 विद्यार्थियों, 22 पालकों, 02 सरपंच, 04 शिक्षकों, 06 फैकल्टी सदस्यों, को पीएम श्री (जवाहर नवोदय विद्यालय) भूपदेवपुर के शैक्षणिक भ्रमण ले जाया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, अध्ययन के वातावरण एवं उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराना है, ताकि उनके मन में नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने की प्रेरणा बढ़े और वे अपने लक्ष्य के प्रति अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ तैयारी कर सकें। छात्रों ने नवोदय विद्यालय का प्रशासकीय भवन, लाइब्रेरी, अटल टिंकरिंग लेब, कंप्यूटर लेब, म्यूजिक रुम, स्मार्ट क्लास, ए पी जे अब्दुल कलाम साइंस पार्क, हॉस्टल, मेस का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और सारी गतिविधियों का समीप से जानने और समझने का अवसर मिला।

इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल को मयंक चतुर्वेदी कलेक्टर सर का मार्गदर्शन विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पुसौर भुवनेश्वर पटेल का सहयोग प्राप्त हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल को सफल बनाने में संकुल छपोरा, संकुल रेंगालपाली, संकुल महलोई एवं संकुल कोंडपाली के संकुल शैक्षिक समन्वयकों तथा संबंधित कोऑर्डिनेटर दुर्गेश केशरी, शाला के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है। शिक्षकों के समर्पण, निरंतर मार्गदर्शन और मेहनत से विद्यार्थियों को नवोदय प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार किया जा रहा है। इस प्रयास की विशेषता शिक्षकों का समर्पण, पालकों का विश्वास एवं सहयोग और विद्यार्थियों की लगन व मेहनत है। पालक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें प्रोत्साहित कर रहे हैं, वहीं विद्यार्थी भी पूरे उत्साह और परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

एनटीपीसी लारा द्वारा परियोजना प्रभावित ग्रामों के बच्चों के लिए नवोदय प्रवेश परीक्षा की कोचिंग की व्यवस्था करना शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल है। शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को विद्यालय के वातावरण को करीब से जानने, अपने सपनों को नई दिशा देने तथा नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने के लिए प्रेरित होने का अवसर मिलेगा। विकास खंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन, एनटीपीसी लारा के सहयोग, संकुल समन्वयकों एवं शिक्षकों के समर्पण, पालकों के विश्वास और विद्यार्थियों की मेहनत का यह सामूहिक प्रयास ग्रामीण एवं परियोजना प्रभावित क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान