छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई का जिलेभर में प्रदर्शन
धमतरी, 30 मार्च (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर सोमवार को जिले के सभी प्रमुख महाविद्यालयों में एक साथ व्यापक प्रदर्शन करते हुए प्राचार्यों के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
एनएसयूआई ने अपने ज्ञापन में कहा कि प्रदेश में पिछले कई वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जाने के कारण छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। संगठन का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि छात्रों को नेतृत्व विकसित करने, अपनी समस्याएं रखने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि चुनाव नहीं होने से छात्रों की समस्याएं प्रभावी रूप से प्रशासन तक नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे छात्र समुदाय में निराशा का माहौल बन रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनाव बहाल नहीं किए गए, तो संगठन चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करेगा। बीसीएस पीजी कॉलेज धमतरी में ज्ञापन सौंपने के दौरान माहौल गरमा गया और छात्रों ने जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान एनएसयूआई ने छात्रसंघ चुनाव बहाली के साथ-साथ हर कक्षा में कूलर लगाने की मांग भी उठाई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो 10 अप्रैल को कॉलेज का घेराव किया जाएगा। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और छात्रों के अधिकारों की आवाज बुलंद की।प्रत्येक महाविद्यालय में एनएसयूआई के नियुक्त प्रभारी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया और ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया को सफल बनाया। संगठन ने कहा कि आने वाले दिनों में छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इन महाविद्यालयों में सौंपा गया ज्ञापन:
नगरी, मगरलोड, कुरुद, भखारा, जीजामगांव, पीजी कॉलेज धमतरी, जेनेसीस कॉलेज, गुरुकुल महाविद्यालय मगरलोड, महामाया कॉलेज, रिलायंस/फ्लोरेन्स नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज रुद्री, केएल कॉलेज, आमदी कॉलेज, कॉम्पटेक कॉलेज, कंडेल कॉलेज और गर्ल्स कॉलेज धमतरी सहित जिले के लगभग सभी प्रमुख संस्थानों में ज्ञापन साैंपा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा