सिहावा रोड की बदहाली पर एनएसयूआई का चक्काजाम, एक सप्ताह में गड्ढे भरने का आश्वासन

 




एफसीआई चौक पर आधे घंटे थमी आवाजाही, टैंकर से पानी छिड़काव का भी मिला भरोसा

धमतरी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। सिहावा चौक से कोलियारी तक सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान राहगीरों, वाहन चालकों और व्यापारियों का आक्रोश बुधवार को सामने आया। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, धूल और कीचड़ की समस्या को लेकर एनएसयूआई ने जिलाध्यक्ष राजा देवांगन के नेतृत्व में एफसीआई चौक के पास चक्काजाम कर दिया।

आंदोलन के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ठोस आश्वासन मिलने तक हटने को तैयार नहीं हुए। अंततः लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एमडी पैकरा और नायब तहसीलदार ने एक सप्ताह के भीतर सड़क के गड्ढे भरने तथा टैंकर के माध्यम से नियमित पानी का छिड़काव कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।

सिहावा रोड पर पिछले चार महीनों से गड्ढों, धूल और कीचड़ के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छोटे-बड़े वाहन चालकों और राहगीरों के लिए इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है। गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। वहीं, सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास की दुकानों में ग्राहकी प्रभावित हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि धूल के गुबार से दुकानों में बैठना और कारोबार करना मुश्किल हो गया है। सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और ठेकेदार द्वारा नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के चलते लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है।

सड़क निर्माण पूरा होने तक धूल से राहत दिलाने के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग लगातार की जा रही थी। इसके बावजूद पर्याप्त मात्रा में पानी का छिड़काव नहीं होने से राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के रहवासियों में नाराजगी बढ़ती गई। इसी समस्या को लेकर एनएसयूआई ने व्यापारियों और स्थानीय रहवासियों के साथ मिलकर एफसीआई चौक पर चक्काजाम किया। आंदोलन में शामिल लोगों ने सड़क की बदहाली के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द सुधार की मांग की। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे समस्या के निराकरण का भरोसा मिलने के बाद ही आंदोलन समाप्त करने पर सहमत हुए।

एक सप्ताह में गड्ढे भरने का आश्वासन

मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी के एसडीओ एमडी पैकरा और नायब तहसीलदार ने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर सड़क के गड्ढे भर दिए जाएंगे। साथ ही, सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक टैंकर के माध्यम से नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाएगा, ताकि धूल से लोगों को राहत मिल सके। अधिकारियों के आश्वासन के बाद एनएसयूआई ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हुआ।

शव वाहन को रास्ता देकर पेश की मानवता की मिसाल

सड़कजाम के दौरान एक शव वाहन भी वहां से गुजरा। आंदोलनकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शव वाहन को आगे बढ़ने के लिए रास्ता दिया। आंदोलन में राजा देवांगन, गीतराम सिन्हा, साहिल अहमद, शकील अहमद, नमन बंजारे, संजू साहू, रियाज अहमद, यश चंद्राकर, गौरव मानिकपुरी, आशिफ भाटी, मयंक साहू, रोशन वनडे, रजा, शुभम साहू, लल्लू बंजारे, अनस रजा, सोहेल रजा, बाबा, मयंक अघोरिया और हर्षदीप सिंह सिद्धू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी एवं आसपास के रहवासी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा