छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग तेज, एनएसयूआई ने दी आंदोलन की चेतावनी
धमतरी, 24 मार्च (हि.स.)। छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई द्वारा मंगलवार को राजीव भवन धमतरी में बैठक का आयोजन हुआ। संगठन ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं कराए जाने पर नाराजगी जताते हुए इसे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि, छात्र संघ चुनाव नहीं होने से छात्रों की आवाज दबाई जा रही है और उनकी समस्याओं को उचित मंच नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में छात्र-छात्राएं फीस वृद्धि, छात्रवृत्ति में देरी, शिक्षकों की कमी, मूलभूत सुविधाओं का अभाव और परीक्षा परिणामों में अनियमितता जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। राजा देवांगन ने स्पष्ट किया कि छात्र संघ चुनाव केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, प्रतिनिधित्व और भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। चुनाव बहाली से ही छात्र अपनी समस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। कार्यक्रम में आगामी आंदोलन की रूपरेखा भी तय की गई। संगठन ने निर्णय लिया है कि 30 मार्च को प्रदेश भर के महाविद्यालयों में ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद छह अप्रैल को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों का घेराव किया जाएगा। वहीं 16 से 20 अप्रैल के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि, यदि शीघ्र ही छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं किए गए, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर यश दुबे, नमन बंजारे, प्रीतम सिन्हा, तेजप्रताप साहू, लिकेश साहू, रोशन वंदे, सुदीप सिन्हा और नोमेश सिन्हा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा