नहर लाइनिंग निर्माण में गंभीर लापरवाही, विभाग ने ठेकेदार को जारी किया नोटिस

 


कांकेर, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले के पखांजूर क्षेत्र के पीव्ही-89 विवेकानंद नगर लघु जलाशय की नहर लाइनिंग निर्माण में गंभीर लापरवाही सामने आने पर जल संसाधन विभाग ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया है।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियाें से आज बुधवार काे मिली जानकारी के मुताबिक विभागीय निरीक्षण में निर्माण कार्य निर्धारित डिज़ाइन एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान नहर की लाइनिंग में कई स्थानों पर दरारें एवं क्षति भी देखी गई, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए ठेकेदार को तत्काल आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण संबंधी कमियों को दूर नहीं किए जाने पर ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाने सहित नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे