अंबिकापुर : भुगतान विवाद पर ठेकेदार की आत्मदाह चेतावनी, पीएचई विभाग ने उप अभियंता को थमाया नोटिस
अंबिकापुर, 28 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के एक ठेकेदार द्वारा भुगतान में देरी को लेकर आत्मदाह की चेतावनी देने से हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार रजनीकांत ने 27 मार्च को विभाग को पत्र लिखकर जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित होने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा कि देयक तैयार करने के लिए उनसे अग्रिम कमीशन की मांग की गई, साथ ही ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। ठेकेदार के अनुसार, करीब 65 लाख रुपये के कार्य के एवज में अब तक केवल 22 लाख रुपये का ही भुगतान किया गया है, जबकि शेष राशि पिछले एक साल से अटकी हुई है।
पत्र में ठेकेदार ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे 30 मार्च को दोपहर 1 बजे पीएचई कार्यालय के सामने आत्मदाह करेंगे।
इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग खंड अंबिकापुर ने संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह