एनएमडीसी भर्ती आंदोलन का आदिवासी समाज के एक संगठन ने किया विरोध, दूसरा समर्थन में उतरा
दंतेवाड़ा, 27 नवंबर (हि.स.)। दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल और बचेली में एनएमडीसी की एल-1 -एल-2 भर्ती प्रक्रिया को लेकर 28 नवंबर को होने वाले स्थानीय बेरोजगार युवाओं के आंदोलन से पहले आदिवासी समाज के दो संगठनों के बीच मतभेद सामने आ गए हैं। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने इस आंदोलन से असहमति जताते हुए इसका समर्थन नहीं करने का ऐलान किया है।
सर्व आदिवासी समाज ने युवाओं की मांगों का समर्थन करते हुए आंदोलन में शामिल होने की घोषणा की है। एक संगठन के अध्यक्ष राजाराम वट्टी ने एनएमडीसीऔर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बातचीत से समाधान निकालने की मांग की है, तो दूसरे संगठन के अध्यक्ष सुरेश कर्मा ने कहा है कि वे युवाओं के साथ हैं और 28 नवंबर को किरंदुल-बचेली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष राजाराम वट्टी ने 27 नवंबर को बचेली के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को औरएनएमडीसी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर 28 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन पर अपनी असहमति और विरोध दर्ज कराया है। ज्ञापन में संगठन ने स्पष्ट किया है कि एनएमडीसी की बचेली और किरंदुल परियोजनाओं में एल-1-एल-2 भर्ती प्रक्रिया और स्थानीय लोगों को रोजगार देने से जुड़े मुद्दे पर प्रस्तावित आंदोलन का समाज किसी भी रूप में समर्थन नहीं करता।
ज्ञापन में कहा गया है कि समाज स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के मुद्दे पर संवाद और उचित समाधान का पक्षधर है। वर्तमान में भर्ती प्रक्रिया और स्थानीय रोजगार से जुड़े विषयों को लेकर बातचीत चल रही है। संगठन का मानना है कि बातचीत और समाधान निकालने की प्रक्रिया के जरिए सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं। इसलिए बातचीत जारी रहते हुए आंदोलन, टकराव या सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के कामकाज में बाधा उत्पन्न करना उचित नहीं है।
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने अपने ज्ञापन में असहमति के साथ कानूनी और संवैधानिक प्रावधानों का भी उल्लेख किया है। इसमें भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 (1) (a) और 19 (1) (b) का हवाला देते हुए कहा गया है कि अभिव्यक्ति और शांतिपूर्ण सभा का अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक व्यवस्था और कानून के दायरे में प्रतिबंध भी लागू होते हैं। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 221, 189, 190, 191 और 223 का उल्लेख किया गया है। संगठन ने प्रशासन से संबंधित पक्षों के बीच बातचीत और संवाद को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही एनएमडीसी परियोजना और शासन-प्रशासन के कामकाज में अवैध बाधा, हिंसा, उपद्रव या सार्वजनिक व्यवस्था भंग होने की स्थिति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि किसी अप्रिय घटना या कानून व्यवस्था भंग होने की स्थिति में निष्पक्ष जांच कर वास्तविक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। संगठन ने प्रशासन से इस ज्ञापन को अपनी आधिकारिक असहमति और विरोध के रूप में दर्ज करने की मांग की है।
दूसरी तरफ सर्व आदिवासी समाज ने स्थानीय बेरोजगार युवाओं के आंदोलन का समर्थन किया है। संगठन के अध्यक्ष सुरेश कर्मा ने कहा कि वे युवाओं के साथ हैं और उनकी मांगों का समर्थन करते हैं। 28 नवंबर को होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वे अपने संगठन के लोगों के साथ खुद किरंदुल और बचेली पहुंचेंगे। संगठन की ओर से भी आंदोलन में शामिल होकर युवाओं को समर्थन दिया जाएगा। सुरेश कर्मा का कहना है कि स्थानीय युवाओं के रोजगार से जुड़ा यह महत्वपूर्ण मुद्दा है और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। इसी वजह से उनका संगठन युवाओं के साथ खड़ा है और कल के आंदोलन में उनकी भागीदारी रहेगी।
आंदोलन में दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले से बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। किरंदुल और बचेली में प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे