एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी जानकारी

 


दंतेवाड़ा, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले यातायात पुलिस दंतेवाड़ा द्वारा एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक में छात्र-छात्राओं के लिए यातायात नियम एवं सड़क सुरक्षा विषय पर आज शुक्रवार काे जागरूकता कार्यशाला आयोजित किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात की आदत विकसित करना था। आयोजित कार्यशाला इस कार्यक्रम में एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीएसपी (यातायात) नसर उल्लाह सिद्दीकी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के सबसे प्रभावी साधन हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से आईएसआई मार्क वाला हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

इस दौरान एएसआई जितेन्द्र त्रिपाठी ने मोटर वाहन अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने संबंधी नियमों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। इस अवसर पर एएसआई जितेन्द्र त्रिपाठी, आरक्षक आदित्य कंदोई, कन्हैया सिन्हा एवं ललित बारला सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे