निवेदिता पाल ने जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक का संभाला पदभार
जांजगीर-चांपा, 06 अप्रैल (हि. स.)। जिले में प्रशासनिक बदलाव के तहत श्रीमती निवेदिता पाल (आईपीएस) ने प्रभारी पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। वह वर्तमान में 6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, रायगढ़ में सेनानी के पद पर पदस्थ हैं और अब अतिरिक्त जिम्मेदारी के रूप में जांजगीर-चांपा जिले की कानून व्यवस्था की कमान संभालेंगी।
जानकारी के अनुसार जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) 6 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन प्रशिक्षण में शामिल होने गए हैं। उनके प्रशिक्षण अवधि के दौरान ही श्रीमती निवेदिता पाल को जिले का प्रभारी पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद निवेदिता पाल ने जिले की कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग व्यवस्था एवं ड्यूटी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कार्यभार ग्रहण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, डीएसपी (मुख्यालय) विजय पैकरा, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे सहित थाना प्रभारी जांजगीर निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे। इस दौरान प्रभारी एसपी ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT