नौ शिक्षक नहीं लगा रहे हाजिरी, डीईओ के वेतन रोकने आदेश

 


धमतरी, 18 नवंबर (हि.स.)। स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति की निगरानी के लिए लागू वीएसके एप में जिले के नौ शिक्षकों की हाजिरी दर्ज नहीं होने का मामला सामने आया है। राज्यस्तर से भेजी गई 15 शिक्षकों की सूची की जांच के बाद जिला शिक्षा विभाग ने नौ शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति से संबंधित जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने के मामले में राज्यस्तर से धमतरी सहित प्रदेश के 19 जिला शिक्षा अधिकारियों का नवंबर माह का वेतन आगामी आदेश तक रोक दिया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी धमतरी मधुलिका तिवारी ने बुधवार काे बताया कि डीपीआई से वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले करीब 15 शिक्षकों की सूची प्राप्त हुई थी। सूची के आधार पर संबंधित शिक्षकों की जानकारी का परीक्षण कराया गया। इसमें नौ शिक्षकों के मामले में उपस्थिति दर्ज नहीं करने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। इसके बाद दो दिन पहले संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षक और संस्था प्रमुख के वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। जिले में वीएसके एप पर कुल 5644 शिक्षक पंजीकृत हैं। इस एप के माध्यम से शिक्षकों के विद्यालय पहुंचने और वहां से रवाना होने के समय की निगरानी की जा रही है।

शिक्षकों को स्कूल पहुंचने और छुट्टी के समय एप पर अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होती है। इसके आधार पर विद्यालयों में उनकी उपस्थिति की आनलाइन मानिटरिंग की जा रही है।लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने 12 नवंबर 2026 को जारी आदेश में प्रदेश के 19 जिला शिक्षा अधिकारियों का नवंबर माह का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षक-कर्मचारियों की जानकारी गूगल शीट में दर्ज करने के लिए आठ और 16 अक्टूबर को पत्र जारी किए गए थे। इसके बाद तीन और चार नवंबर को स्मरण पत्र भी भेजे गए, लेकिन निर्धारित समय में जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसे शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। इस सूची में धमतरी जिला भी शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा