सुकमा के केशकुर से तोंगपाल के बीच एनएच-30 सड़क हुई बदहाल, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
सुकमा, 27 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में केशकुर से तोंगपाल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (एनएच-30) की स्थिति लगातार बारिश के बाद बेहद खराब हो गई है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ जमा होने से राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया है कि कामानार से सिंगल के बीच सड़क की हालत सबसे अधिक खराब है। यह एनएच-30 का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण भारी वाहनों के पहिए फंस रहे हैं, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
सड़क की खराब स्थिति के कारण छोटे वाहन चालक इस मार्ग से गुजरने का जोखिम नहीं उठा रहे हैं। कई लोग सुकमा से दंतेवाड़ा होकर आवागमन कर रहे हैं, जिससे करीब 80 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे यात्रा का समय बढ़ने के साथ ईंधन की खपत भी अधिक हो रही है।
स्थानीय ग्रामीणों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने कई बार सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।
दक्षिण बस्तर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला एनएच-30 का यह मार्ग व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे