जांजगीर में पुलिसकर्मियों के लिए बनेंगे 60 नए आवास, निर्माण कार्य शुरू; किराये के मकानों से मिलेगी मुक्ति

 

जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर (हि. स.)। जिले के पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जांजगीर-चांपा पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के प्रयासों से जांजगीर कोतवाली थाना के पीछे 60 सर्वसुविधायुक्त नए आवासीय मकानों का निर्माण कराया जाएगा। वर्षों पुराने जर्जर मकानों को हटाकर नए आवास बनाने का काम शुरू हो गया है।

पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा इन आवासीय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के तहत पुराने जर्जर भवनों को हटाने के बाद स्थल की साफ-सफाई और निर्माण से संबंधित प्रारंभिक कार्य शुरू कर दिए गए हैं। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े पुराने मकानों की जगह नए आवास बनने से पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवारों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवासीय वातावरण मिल सकेगा।

इस पहल से पुलिसकर्मियों को किराये के मकानों में रहने की मजबूरी से काफी हद तक राहत मिलेगी। वहीं, कोतवाली थाना परिसर के समीप आवास उपलब्ध होने से आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। इससे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और ड्यूटी व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।

एसपी विजय कुमार पाण्डेय की यह पहल पुलिस कर्मचारियों के कल्याण, उनकी आवासीय समस्याओं के समाधान और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 60 नए आवासों के निर्माण से जिले के पुलिसकर्मियों को लंबे समय से प्रतीक्षित आवासीय सुविधा मिल सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT