भैरमगढ़ के अंदरूनी ग्राम बेलनार में नवीन प्राथमिक शाला भवन बना
बीजापुर, 21 जुलाई (हि.स.)।बीजापुर जिले के इंद्रावती नदी के किनारे बसे विकासखंड भैरमगढ़ के अंदरूनी नक्सल प्रभवित रहे ग्राम बेलनार में बच्चों को अब पक्के विद्यालय भवन में पढ़ने का अवसर मिलेगा। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बीजापुर ने शिक्षा विभाग के तहत इस नवीन प्राथमिक शाला भवन का निर्माण पूरा कर लिया है। यह भवन वर्षों तक कच्ची पाठशाला और अस्थायी शेड में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए एक सुरक्षित और सुविधायुक्त स्थान प्रदान करेगा।
ग्राम पंचायत मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित बेलनार में पहले कोई स्थायी विद्यालय भवन नहीं था। बरसात और गर्मी के मौसम में बच्चों को पढ़ाई के दौरान अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए भवन के शुरू होने से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। सुरक्षित कक्षाओं में नियमित अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ने के साथ सीखने की गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद है। शिक्षकों के लिए भी अब व्यवस्थित माहौल में शिक्षण कार्य करना आसान हो जाएगा। यह पहल दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे