नए जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने किया पदभार ग्रहण
धमतरी, 10 जुलाई (हि.स.)। वर्ष 2021 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी जयंत नाहटा ने धमतरी जिला पंचायत के 26वें मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनके कार्यभार संभालने पर जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात नाहटा ने जिला पंचायत कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक शाखा में जाकर वहां की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन पर विशेष बल दिया।
जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय, अनुशासन और जवाबदेही के साथ कार्य करें। कार्यालयीन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संवेदनशील एवं उत्तरदायी कार्यशैली अपनाने के निर्देश
दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा