कोरबा : साहित्य भवन व सियान सदन को मिले अतिरिक्त भवन, 41 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण
कोरबा, 14 अप्रैल (हि. स.)। शहर के घंटाघर स्थित पं. मुकुटधर पाण्डेय साहित्य भवन एवं सियान सदन को आज अतिरिक्त भवनों की महत्वपूर्ण सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 41 लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित भवनों का लोकार्पण किया गया।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 24 स्थित सियान सदन परिसर में जिला खनिज न्यास मद से 23.65 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष, प्रसाधन, बाउंड्रीवाल और पेवर ब्लॉक का निर्माण कराया गया। वहीं पं. मुकुटधर पाण्डेय साहित्य भवन में विधायक मद से 17.60 लाख रुपये की लागत से हाल विस्तार सहित अन्य सुविधाएं विकसित की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सियान सदन में एसी और टीवी की व्यवस्था कराने की घोषणा करते हुए बालको में नए सियान सदन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। महापौर श्रीमती राजपूत ने सियान सदन के लिए 50 अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने वरिष्ठजनों के सम्मान और साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए इन कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, साहित्यकार, वरिष्ठ नागरिक और शहरवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी